MP News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 से 21 जून तक मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगी. अपने इस महत्वपूर्ण दौरे के पहले दिन 18 जून को वे इंदौर पहुंचेंगी, जहां से उनका काफिला सीधे ओंकारेश्वर के लिए रवाना होगा. ओंकारेश्वर में राष्ट्रपति भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगी और कई धार्मिक एवं आधिकारिक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगी.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर इंदौर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए हैं. पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने जानकारी दी कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित एसओपी और सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप पूरी की जा रही हैं. उन्होंने बताया कि केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर पूरे रूट और कार्यक्रम स्थलों की गहन समीक्षा की गई है.
मॉक ड्रिल और रिहर्सल की गई
दौरे से पहले प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा मॉक ड्रिल और रिहर्सल भी की गई, जिसमें राष्ट्रपति के आगमन, प्रस्थान, यात्रा मार्ग और कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण किया गया. अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे ऑपरेशन में किसी भी प्रकार की चूक की गुंजाइश नहीं छोड़ी जा रही है.
इंदौर एयरपोर्ट एरिया में ‘नो फ्लाइंग जोन’
सुरक्षा के लिहाज से इंदौर एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों को विशेष निगरानी में रखा गया है. देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पांच किलोमीटर दायरे को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है, जहां ड्रोन और अन्य उड़ने वाले उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा.
थ्री लेयर सिक्योरिटी व्यवस्था
प्रशासन ने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए तीन स्तरीय (थ्री-लेयर) सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. इसमें स्थानीय पुलिस, विशेष सुरक्षा बल और केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त तैनाती शामिल है. अधिकारियों का दावा है कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा, यातायात और प्रोटोकॉल से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके.
