‘पहला दावा अहीर का, बाकी जाएं…’, अमेठी विवाद पर ओपी राजभर ने अखिलेश पर साधा निशाना

2 Min Read

OP Rajbhar Targets Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश के अमेठी में समाजवादी पार्टी के विधायक महाराजी देवी के आवास पर हंगामे और मारपीट के आरोप के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है. यूपी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओपी राजभर ने इस मामले को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. इस विवाद पर सोशल मीडिया पर भी जंग छिड़ गई है. पढ़ें ओपी राजभर ने क्या कहा?

ओपी राजभर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘अखिलेश यादव जी, अब तो साफ हो गया कि समाजवादी पार्टी में गैर यादव पिछड़ों और दलितों की औकात सिर्फ झंडा-झोला ढोने, दरी बिछाने और वोट देने तक ही है. सम्मान, सुरक्षा और सत्ता में पहला दावा अहीर का बाकी जाएं भाड़ में. कुछ तो शर्म कीजिए.’

अखिलेश यादव की चुप्पी पर उठाए सवाल

उन्होंने आगे लिखा, ‘आपकी ही पार्टी की प्रजापति समाज से आने वाली महिला विधायक को सपाई गुंडे मार रहे हैं, खुलेआम गाली दे रहे हैं, जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. महिला विधायक का बेटा खुद कैमरे पर नाम लेकर कह रहा है कि जय यादव, बलराम यादव, शेर बहादुर यादव उनकी मां को मार-पीट रहे, धमका रहे. मगर अखिलेश यादव बाबू आप एकदम्मे चुप्पी साधे हुए हैं. धृतराष्ट्र की तरह आंख मूंदे हुए हैं. महाभारत में धृतराष्ट्र पुत्र मोह में अंधे थे, आज आप ‘यादव’ मोह में अंधे हो गए हैं.’

हर गुंडा सपाई

ओपी राजभर ने कहा, ‘अखिलेश जी सभी बहुजन जातियां आपको जानती हैं, सभी आपके विषय में यही बात कहती हैं कि “भले ही गुंडों की कोई जाति नहीं होती लेकिन हर गुंडा सपाई जरूर होता है”. जो लोग अब भी कन्फ्यूजन में हों वो समझ लें कि इनके पीडीए का असली चेहरा यही है. अखिलेश के लिए पीडीए सिर्फ चुनावी पोस्टर का नारा है. असलियत में गैर यादव पिछड़ों और दलितों के हिस्से अपमान ही आता है, और अखिलेश का संरक्षण सिर्फ जाति देखकर ही मिलता है.’

Share this Article