मध्य प्रदेश : नौतपा के दौरान गर्मी ने अपने तेवर और ज्यादा कड़े कर दिए है। सूरज की तेज तपिश और गर्म हवाओं ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मंगलवार को प्रदेश के 16 जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। छतरपुर जिले का खजुराहो और नौगांव लगातार राज्य के सबसे गर्म शहर बने हुए है।एक तरफ भीषण गर्मी लोगों को झुलसा रही है, तो दूसरी तरफ कुछ जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर भी देखने को मिला।
प्रदेश में दिखा दो तरह का मौसम, कहीं लू तो कहीं बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में अलग-अलग मौसम देखने को मिला। मंडला, मलाजखंड, टीकमगढ़, दतिया और छतरपुर में लू चली, जबकि सीहोर और शहडोल में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
बड़वानी, बुरहानपुर, रायसेन, शहडोल, उमरिया और कटनी में गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई। केसली में सबसे ज्यादा 8.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा बेगमगंज में 7.8 मिमी, उमरिया में 3.5 मिमी और सागर में 1 मिमी बारिश हुई।मौसम विभाग के मुताबिक भोपाल, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर और सागर संभाग के कई जिलों में तापमान सामान्य से 3 डिग्री से ज्यादा ऊपर दर्ज किया गया।
खजुराहो में 47 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
मध्य प्रदेश का सबसे गर्म शहर खजुराहो रहा, जहां मंगलवार को अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नौगांव में 46.8 डिग्री, दतिया में 45.6 डिग्री, मंडला में 45.5 डिग्री और टीकमगढ़ में 45.3 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।प्रदेश के कई हिस्सों में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा दिखाई दिया और लोग घरों में रहने को मजबूर रहे।
6 जिलों में रेड अलर्ट, 30 से ज्यादा जिलों में हीटवेव की चेतावनी
मौसम विभाग ने रीवा, सतना, पन्ना, छतरपुर, निवाड़ी और टीकमगढ़ जिलों के लिए लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, विदिशा, रायसेन, खरगौन, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, कटनी, अशोकनगर, राजगढ़, आगर और दतिया समेत 30 से ज्यादा जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है।वहीं अनूपपुर, डिंडोरी, सिवनी, मंडला और बालाघाट जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बौछार गिरने की संभावना जताई गई है।
