मऊगंज में आग का तांडव, देखते ही देखते राख हुआ घर, गाय और बछड़े की जिंदा जलकर मौत

3 Min Read

मध्य प्रदेश : मऊगंज जिले से दिल दहला देने वाली आगजनी की घटना सामने आई है। लौर थाना क्षेत्र के झौरा गांव में अचानक लगी भीषण आग ने एक परिवार की वर्षों की मेहनत को कुछ ही देर में राख में बदल दिया। आग इतनी भयानक थी कि घर में रखा पूरा सामान, नगदी और जेवर जलकर खत्म हो गए। वहीं आग की चपेट में आने से एक गाय और उसके बछड़े की दर्दनाक मौत हो गई।

दोपहर में भड़की आग ने पूरे मकान को घेरा

जानकारी के मुताबिक झौरा गांव निवासी बाबूलाल यादव के घर में दोपहर के समय अचानक आग लग गई। शुरुआती कुछ मिनटों में परिवार को स्थिति समझने का मौका तक नहीं मिला और आग तेजी से पूरे मकान में फैल गई।

आग की लपटें इतनी तेज थी कि परिवार को अपनी जान बचाने के लिए तुरंत घर से बाहर भागना पड़ा। देखते ही देखते पूरा मकान आग के गोले में बदल गया।

नगदी, जेवर और जरूरी दस्तावेज तक नहीं बच पाए

पीड़ित परिवार के अनुसार घर में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, जरूरी कागजात, सोने-चांदी के आभूषण और करीब 40 से 50 हजार रुपए नकद आग में जलकर खत्म हो गए। परिवार की पूरी गृहस्थी कुछ ही देर में राख में बदल गई। घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मवेशियों को बचाने का भी नहीं मिला मौका

आग की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि परिवार बाहर बंधे मवेशियों को भी नहीं बचा सका। घटना में दो भैंसे गंभीर रूप से झुलस गईं, जबकि एक गाय और उसके बछड़े की जिंदा जलने से मौत हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि आग की लपटें इतनी ऊंची और तेज थी कि कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।

दमकल और ग्रामीणों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सबकुछ जलकर खाक हो चुका था।

फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और राहत की मांग की है।

Share this Article