मध्य प्रदेश : दतिया कलेक्ट्रेट में सोमवार को एक ऐसा मामला सामने आया जिसने हर किसी को हैरान भी किया और भावुक भी। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले का रहने वाला 26 वर्षीय राजकुमार गुप्ता सिर्फ अपनी मोहब्बत को साबित करने के लिए करीब 600 किलोमीटर का लंबा सफर तय कर दतिया पहुंच गया।राजकुमार पेशे से टैक्सी ड्राइवर है और वह सोशल मीडिया पर दतिया कलेक्टर Swapnil Wankhede के कामकाज और व्यक्तित्व से काफी प्रभावित था। इसी बीच उसकी गर्लफ्रेंड ने उससे मजाक-मजाक में एक शर्त रख दी कि अगर सच्चा प्यार करते हो तो दतिया जाकर कलेक्टर से मिलकर दिखाओ।
तीन दिन तक करता रहा इंतजार, लेकिन नहीं छोड़ी जिद
अपनी प्रेम कहानी की इस चुनौती को पूरा करने के लिए राजकुमार ट्रेन से झांसी पहुंचा और वहां से बस के जरिए दतिया आ गया। यहां उसने एक होटल में ठहरकर कलेक्टर से मिलने की कोशिश शुरू की।शनिवार को वह कलेक्ट्रेट पहुंचा, लेकिन अवकाश होने के कारण मुलाकात नहीं हो सकी। रविवार को भी उसे इंतजार करना पड़ा, लेकिन उसने हार नहीं मानी।
भीषण गर्मी और थकान ने बिगाड़ी तबीयत, कलेक्ट्रेट परिसर में हुआ बेहोश
सोमवार को राजकुमार फिर कलेक्ट्रेट पहुंचा, लेकिन लगातार सफर, गर्मी और थकान की वजह से उसकी हालत बिगड़ गई। पानी पीते समय वह अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत उसकी मदद की। कलेक्टर के निर्देश पर युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया।
पहले इंसानियत निभाई गई, पहचान बाद में पूछी गई
डॉक्टरों के अनुसार युवक को हल्की टैकीप्निया और हृदय संबंधी परेशानी हुई थी। समय पर इलाज मिलने से उसकी हालत स्थिर हो गई। खास बात यह रही कि उस समय तक प्रशासन को यह तक नहीं पता था कि युवक कौन है और दतिया क्यों आया है।इसके बावजूद अधिकारियों ने बिना देरी किए इलाज को प्राथमिकता दी, जिसने लोगों का दिल जीत लिया।
कलेक्टर खुद अस्पताल पहुंचे, सेल्फी लेकर गर्लफ्रेंड को भेजी तस्वीर
करीब दो घंटे बाद कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े खुद जिला अस्पताल पहुंचे और युवक का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने राजकुमार के साथ तस्वीर भी खिंचवाई।राजकुमार ने तुरंत वह फोटो अपनी गर्लफ्रेंड को भेज दी और खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उसका ब्रेकअप नहीं होगा।
सोशल मीडिया पर चर्चा में आई अनोखी प्रेम कहानी
दतिया की यह अनोखी कहानी अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। कोई इसे सच्चे प्यार की मिसाल बता रहा है तो कोई युवक की जिद और समर्पण की तारीफ कर रहा है। वहीं प्रशासन के मानवीय रवैये की भी जमकर सराहना हो रही है।
