एयरपोर्ट पर रील बनाना अब पड़ सकता है भारी, DGCA ने जारी किए सख्त नियम

3 Min Read

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियो बनाने का बढ़ता ट्रेंड अब हवाई यात्रियों के लिए मुश्किल खड़ी कर सकता है। एयरपोर्ट और फ्लाइट में वीडियो शूट करने वालों पर अब सख्ती बढ़ा दी गई है। डीजीसीए और ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्यूरिटी यानी BCAS ने नई गाइडलाइन जारी करते हुए एयरपोर्ट के कई संवेदनशील इलाकों में रील और वीडियो शूटिंग पर पूरी तरह रोक लगा दी है।अब नियम तोड़ने पर यात्रियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई से लेकर हवाई यात्रा पर प्रतिबंध तक लगाया जा सकता है।

किन जगहों पर रील और वीडियो बनाना हुआ बैन?

नई गाइडलाइन के मुताबिक एयरपोर्ट के सिक्योरिटी होल्ड एरिया में वीडियो रिकॉर्डिंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यही वह क्षेत्र होता है जहां CISF यात्रियों और उनके सामान की जांच करती है।इसके अलावा इन स्थानों पर भी वीडियो और रील बनाना बैन रहेगा:

  • विमान पार्किंग एरिया
  • रनवे के आसपास का क्षेत्र
  • बस से विमान तक जाने वाला रास्ता
  • विमान के पास रुककर फोटो या वीडियो शूट करना

अधिकारियों का कहना है कि ये सभी संवेदनशील सुरक्षा क्षेत्र हैं और यहां रिकॉर्डिंग सुरक्षा नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।

फ्लाइट के अंदर क्या हैं नियम?

यात्री टेकऑफ, लैंडिंग या यात्रा के दौरान अपनी सीट पर बैठकर सामान्य फोटो या वीडियो ले सकते हैं। लेकिन यदि केबिन क्रू रिकॉर्डिंग रोकने या कैमरा बंद करने के लिए कहता है, तो उसका पालन तुरंत करना अनिवार्य होगा।क्रू के निर्देशों की अनदेखी करना गंभीर उल्लंघन माना जाएगा।

नियम तोड़ने पर क्या होगी कार्रवाई?

डीजीसीए ने साफ किया है कि एयरपोर्ट या फ्लाइट में सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।

नियम तोड़ने पर:

  • 3 महीने से लेकर 2 साल या उससे ज्यादा समय तक फ्लाइट बैन लगाया जा सकता है
  • कानूनी केस दर्ज हो सकता है
  • CISF मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त कर सकती है
  • विमान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है

क्यों बढ़ाई गई सख्ती?

हाल के महीनों में एयरपोर्ट और फ्लाइट के अंदर रील बनाने, डांस वीडियो शूट करने और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने के कई मामले सामने आए थे। कई बार यात्रियों ने सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते हुए संवेदनशील इलाकों में शूटिंग की, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई थी।

इसी को देखते हुए अब एयरपोर्ट अथॉरिटी और सुरक्षा एजेंसियों ने नियमों को और ज्यादा सख्त कर दिया है।

यात्रियों के लिए क्या है सलाह?

एविएशन अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट और फ्लाइट के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और सोशल मीडिया कंटेंट बनाने के चक्कर में किसी भी प्रतिबंधित क्षेत्र में वीडियो शूट न करें।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है।

Share this Article