मध्य प्रदेश में गर्मी का कहर! 45 डिग्री के करीब पहुंचा पारा, 40 जिलों में लू का अलर्ट जारी

4 Min Read

भोपाल: मध्य प्रदेश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप और लू ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है, जबकि मौसम विभाग ने शुक्रवार को 40 जिलों में हीट वेव यानी लू का अलर्ट जारी किया है।राजस्थान की तरफ से आने वाली गर्म हवाओं ने हालात और ज्यादा खराब कर दिए हैं। दिन के साथ अब रातें भी तपने लगी हैं, जिससे लोगों को चौबीस घंटे गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

अगले चार दिन और सताएगी भीषण गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार 18 मई तक प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। गुरुवार को मध्य प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया।शाजापुर और छतरपुर एक बार फिर प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे। दोनों जगह अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

ये रहे प्रदेश के सबसे गर्म शहर

शाजापुर – 44.8 डिग्री
छतरपुर – 44.8 डिग्री
खरगोन – 44.6 डिग्री
खंडवा – 44.5 डिग्री
रतलाम – 44.5 डिग्री
खजुराहो – 44.3 डिग्री
रायसेन – 44 डिग्री
दमोह – 44 डिग्री

प्रदेश के करीब 9 शहरों में तापमान 44 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।

कूलर भी फेल, रात में भी नहीं मिल रही राहत

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में रातें भी बेहद गर्म रह सकती हैं। वार्म नाइट की स्थिति के कारण लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही।हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में कूलर भी असर नहीं दिखा पा रहे हैं। गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय बाहर निकलना लोगों के लिए मुश्किल होता जा रहा है।विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि बेहद जरूरी काम होने पर ही दोपहर में बाहर निकलें। खासकर दोपहर 2 बजे से 3 बजे के बीच तापमान सबसे ज्यादा रहने की संभावना है।

40 जिलों में लू का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, गुना, अशोकनगर, सागर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, झाबुआ, अलीराजपुर, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली समेत 40 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है।इन जिलों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पूर्वी हिस्सों में थोड़ी राहत

प्रदेश के पूर्वी इलाकों में कुछ जगहों पर बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इससे वहां तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई और लोगों को थोड़ी राहत मिली।हालांकि अधिकांश जिलों में गर्मी का असर अब भी बरकरार है।

उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश बनी आफत

जहां मध्य प्रदेश में लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं, वहीं उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश ने तबाही मचा दी है। वहां अब तक 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में प्रयागराज और भदोही शामिल हैं, जहां तेज आंधी और बारिश के कारण कई लोगों ने जान गंवाई है।

Share this Article