43 डिग्री की तपिश में निकली ऐसी बारात, ठंडी हवा में झूमते रहे बाराती, लोग देखते रह गए नजारे

3 Min Read

मध्य प्रदेश : भीषण गर्मी की चपेट में है। इंदौर में तापमान 43 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। दोपहर के वक्त हालात ऐसे हैं कि घर से बाहर निकलना भी किसी चुनौती से कम नहीं लग रहा। गर्म हवाएं चेहरे पर इस तरह महसूस होती हैं, जैसे आग के थपेड़े पड़ रहे हों।

इसके बावजूद शादी सीजन का उत्साह लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। इंदौर में निकली एक अनोखी बारात अब शहरभर में चर्चा का विषय बन गई है। इस बारात में गर्मी से बचने के लिए ऐसा इंतजाम किया गया, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया।

बारात में लगाया गया ठंडी हवा का खास इंतजाम

इंदौर के सयाजी होटल पहुंची इस बारात को खास बनाने के लिए लंबा शामियाना तैयार किया गया था। सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली बात यह रही कि पूरे रास्ते में दोनों तरफ 20 से ज्यादा कूलर लगाए गए थे।

इस खास व्यवस्था का मकसद साफ था कि तेज गर्मी के बावजूद बारातियों का उत्साह फीका न पड़े। कूलर से आती ठंडी हवा के बीच लोग बिना परेशानी डांस और मस्ती का आनंद लेते नजर आए।

घोड़ी पर दूल्हे का डांस बना आकर्षण का केंद्र

बारात में शामिल लोग जमकर थिरकते दिखाई दिए। बैंड की धुन पर हर कोई पूरी ऊर्जा के साथ नाच रहा था। सबसे खास नजारा दूल्हे का रहा, जो पूरी बारात के दौरान घोड़ी पर बैठकर डांस करता नजर आया।

सड़क से गुजरने वाले लोग भी इस अनोखे इंतजाम को देखकर रुक गए। कई लोगों ने मोबाइल निकालकर वीडियो रिकॉर्ड किए, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

देवास में भी दिखा था ऐसा ही अनोखा प्रयोग

इससे पहले देवास में भी गर्मी से बचाव वाली ऐसी ही बारात चर्चा में आई थी। वहां बारात के रास्ते में हर पांच मीटर की दूरी पर कूलर लगाए गए थे। ठंडी हवा के बीच बाराती पूरे जोश के साथ नाचते और झूमते दिखाई दिए।

दरअसल, भीषण गर्मी के बीच दोपहर में बारात निकालना लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन रहा था। इसी समस्या का हल निकालते हुए परिवारों ने यह नया तरीका अपनाया, जो अब लोगों को काफी पसंद आ रहा है।

Share this Article