Weather Update: मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

3 Min Read

मध्य प्रदेश : मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में आंधी और हल्की बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भीषण गर्मी से परेशान लोगों को फिलहाल राहत मिली है, जबकि कई इलाकों में मौसम सुहाना बना हुआ है।

रीवा समेत कई शहरों में तापमान गिरा

गुरुवार को रीवा का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। इसके अलावा ग्वालियर, नौगांव, सीधी और सतना में भी मौसम सामान्य से ठंडा महसूस किया गया। कई स्थानों पर बादल छाए रहे और हल्की बारिश ने गर्मी का असर कम कर दिया।

21 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 21 जिलों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है उनमें ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट शामिल हैं।

इन इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश होने के आसार बताए गए हैं।

भोपाल-इंदौर समेत कई शहरों में गर्मी बरकरार

एक तरफ जहां कई जिलों में मौसम बदला हुआ है, वहीं दूसरी ओर भोपाल, इंदौर और उज्जैन सहित प्रदेश के 34 जिलों में गर्मी का असर बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच सकता है।

कई जिलों में हुई बारिश, तेज हवाओं ने बढ़ाई ठंडक

गुरुवार को टीकमगढ़, नर्मदापुरम और श्योपुर में बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा ग्वालियर-चंबल, रीवा और शहडोल संभाग के कई हिस्सों में बादल छाए रहे और कुछ जगहों पर तेज आंधी भी चली। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने बताया बदलाव की वजह

मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश के मध्य क्षेत्र में फिलहाल साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। इसके अलावा ऊपरी हिस्से में एक और मौसम प्रणाली बनी हुई है। पूर्वी क्षेत्र से गुजर रही ट्रफ लाइन भी मौसम को प्रभावित कर रही है।

Share this Article