मई में बदला मौसम का मिजाज…MP में बारिश, आंधी और ओलों ने दी गर्मी को चुनौती

3 Min Read

मध्य प्रदेश : इस बार मई की शुरुआत ने मौसम का पूरा ट्रेंड बदल दिया है। जहां आमतौर पर इस महीने में तेज लू चलती है, वहीं इस बार प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल रही है। सोमवार को 15 से ज्यादा जिलों में कहीं ओले गिरे तो कहीं तेज बारिश और हवाओं ने मौसम को सुहाना बना दिया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी यही स्थिति बनी रहने की संभावना है।

39 जिलों में तेज आंधी का अलर्ट, 60 किमी तक पहुंच सकती है रफ्तार
भोपाल स्थित मौसम केंद्र ने प्रदेश के 39 जिलों के लिए तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। जबलपुर, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, उमरिया और कटनी जैसे इलाकों में आंधी का असर सबसे ज्यादा रहने का अनुमान है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

इन जिलों में बारिश की संभावना, कई इलाकों में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, मऊगंज, मैहर, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत कई जिलों में बारिश के आसार जताए गए हैं।

बारिश के बीच भी कुछ शहरों में गर्मी का प्रकोप बरकरार
एक तरफ जहां कई जिलों में बारिश और ओलों से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर कुछ शहरों में गर्मी का असर अब भी बना हुआ है। सोमवार को रायसेन में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा खरगोन में 43 डिग्री, खंडवा में 42.1 डिग्री, मंडला में 41.9 डिग्री और नरसिंहपुर में 41 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

मौसम का दोहरा असर, सतर्क रहना जरूरी
प्रदेश में फिलहाल मौसम का दोहरा रूप देखने को मिल रहा है, जहां एक ओर ठंडी हवाएं और बारिश राहत दे रही हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ इलाकों में गर्मी परेशान कर रही है। ऐसे में बदलते मौसम के बीच सतर्क रहना और जरूरी सावधानियां अपनाना बेहद जरूरी हो गया है।

Share this Article