पेपर लीक विवाद पर जंतर-मंतर आंदोलन की तैयारी, कॉकरोच जनता पार्टी के अध्यक्ष भारत लौटे

2 Min Read

दिल्लीः कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर भारत लौटने की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा कि वह देश के लिए रवाना हो चुके हैं और अपना भविष्य संविधान के भरोसे छोड़ रहे हैं। पोस्ट के अंत में उन्होंने ‘जय भीम’ का संदेश भी दिया।

छात्रों के मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

इससे पहले अभिजीत दीपके ने एक वीडियो जारी कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी। उन्होंने कहा कि देशभर में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक मामलों को लेकर छात्रों में गहरा आक्रोश है।

उनका कहना है कि नीट, सीबीएसई, सीयूईटी और एसएससी जीडी जैसी परीक्षाओं से जुड़े विवादों ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है।

जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की घोषणा

कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से बताया गया है कि अभिजीत दीपके 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि वह संसद मार्ग थाने जाकर प्रदर्शन की अनुमति भी मांगेंगे।

जन समर्थन का दावा, लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन की अपील

सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में दीपके ने दावा किया कि लाखों छात्रों और नागरिकों ने इस मुद्दे पर समर्थन जताया है। उन्होंने कहा कि देश के कई शहरों में भी इस विषय को लेकर विरोध प्रदर्शन हुए हैं और अब इसे राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की जरूरत है।

हिरासत की आशंका के बीच लोकतंत्र पर भरोसा

दीपके ने यह भी कहा कि उन्हें एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए जाने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन उन्हें भारत के संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। उन्होंने लोगों से बिना डर के अपने अधिकारों और भविष्य के लिए आवाज उठाने की अपील की।

Share this Article