आइसक्रीम में थी कटी हुई इंसानी उंगली, खाने ही जा रही थी महिला कि निकल गई चीख

admin
3 Min Read

मुंबई (deshabhi.com)। महाराष्ट्र की आर्थिक राजधानी मुंबई के मलाड क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक महिला ने दावा किया है कि उसे ऑनलाइन ऑर्डर की गई आइसक्रीम कोन के अंदर एक कटी हुई इंसानी उंगली मिली है। महिला ने इस घटना की तस्वीर साझा की और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

महिला ने बताया कि उसने आधी से अधिक आइसक्रीम खा ली थी, लेकिन जब उसे कुछ गड़बड़ महसूस हुई, तो उसने देखा कि आइसक्रीम के अंदर एक इंसानी कटी हुई उंगली है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक तहकीकात में यह बात सामने आई है कि आइसक्रीम कोन में वास्तव में इंसानी अंग है। पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आइसक्रीम में मिले अंग को फोरेंसिक लैब (FSL) भेजा है।

मलाड पुलिस स्टेशन पहुंची महिला की शिकायत पर युम्मो आइसक्रीम कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि आइसक्रीम को जांच के लिए भेज दिया गया है और इंसानी अंग को FSL में भेजकर उसकी पुष्टि करवाई जाएगी।

ऑनलाइन ऑर्डर से आया झटका
ओरलेम निवासी ब्रेंडन सेराओ (27) ने बुधवार को ऑनलाइन डिलीवरी ऐप के माध्यम से कोन आइसक्रीम का ऑर्डर दिया था। सेराओ, जो पेशे से MBBS डॉक्टर हैं, ने बताया कि आइसक्रीम के अंदर लगभग 2 सेमी लंबी इंसानी उंगली का टुकड़ा था। यह घटना तब हुई जब उनकी बहन ने ऑनलाइन डिलीवरी ऐप के माध्यम से किराने का सामान ऑर्डर किया था और उन्होंने उसमें तीन बटरस्कॉच कोन आइसक्रीम सम्मिलित करने के लिए कहा था। आइसक्रीम डिलीवर होने के बाद जब उन्होंने कोन खोला, तो उसमें उंगली का टुकड़ा मिला।

घटना की सूचना मिलते ही मलाड पुलिस सक्रिय हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिस जगह पर आइसक्रीम बनाई और पैक की गई थी, वहां की भी तलाशी ली जाएगी। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि घटना की सच्चाई का पता लगाया जा सके। यह घटना शहरवासियों के लिए एक बड़ी चिंता का विषय बन गई है। आइसक्रीम जैसी लोकप्रिय खाद्य सामग्री में इस तरह की लापरवाही से लोगों की सेहत और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस की जांच के बाद ही इस घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।

Share this Article
Leave a comment