प्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में आदमखोर माने जा रहे ‘कबरा’ हाथी की दहशत लगातार बनी हुई है। अब तक 14 लोगों की जान ले चुके इस हाथी की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने गुरुवार सुबह बगड़ा-बंशीपुर मार्ग पर बैरियर लगाकर आवागमन बंद कर दिया। कबरा हाथी और बड़ादेव समेत करीब 13 हाथियों का दल इलाके के जंगलों में विचरण कर रहा है।
13 हाथियों के दल के साथ जंगल में मौजूद कबरा
गुरुवार को कबरा और बड़ादेव हाथी धरमपुर के बगड़ा और बंशीपुर जंगलों के बीच घूमते रहे। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने पूरे दिन सड़क पर आवाजाही रोके रखी। वन विभाग की टीम और हाथी मित्र दल मौके पर तैनात रहे। साथ ही मुनादी कर ग्रामीणों को जंगल और प्रभावित मार्ग से दूर रहने की चेतावनी दी गई।
लगातार बदल रहा ठिकाना, कई गांवों में अलर्ट
वन विभाग के अनुसार गुरुवार शाम करीब चार बजे कबरा हाथी बगड़ा के पी-9 जंगल से निकलकर महान नदी में पानी पीने के बाद सोनगरा-बंशीपुर जंगल के कक्ष क्रमांक RF 1688 में पहुंच गया। इसके पंडरीडांड़, झींगादोहर, सोनगरा और कोरोंधा की ओर बढ़ने की आशंका जताई गई। वहीं बड़ादेव हाथी भी सोनगरा के बांसबाड़ी जंगल की ओर बढ़ रहा था।
कान सहित शरीर के कुछ हिस्सों का रंग अलग होने के कारण इस हाथी को कबरा नाम दिया गया है।
मानव-हाथी संघर्ष बढ़ने से ग्रामीण चिंतित
जंगलों में प्राकृतिक रहवास, चारा और पानी के स्रोत प्रभावित होने से मानव-हाथी संघर्ष की समस्या बढ़ रही है। हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों की जान के साथ धान और गन्ने की फसलों को भी खतरा बना हुआ है। वन विभाग लगातार निगरानी और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील कर रहा है।
