Indian Premier League 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में Rajasthan Royals ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। न्यू चंडीगढ़ स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में राजस्थान ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 243 रन बनाए।
टॉस जीतकर Sunrisers Hyderabad के कप्तान Pat Cummins ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन राजस्थान के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए।
सिर्फ 3 रन से शतक चूके वैभव सूर्यवंशी
राजस्थान की पारी के सबसे बड़े हीरो युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे। उन्होंने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन कूट दिए। अपनी पारी में उन्होंने 12 छक्के और 5 चौके लगाए। वैभव महज 3 रन से शतक से चूक गए, लेकिन उनकी तूफानी बल्लेबाजी ने मैच का पूरा माहौल बदल दिया।
ध्रुव जुरेल ने भी दिखाई आक्रामकता
ध्रुव जुरेल ने भी तेजतर्रार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए केवल 21 गेंदों पर 50 रन जड़ दिए। वहीं यशस्वी जायसवाल ने 29 रन और रियान पराग ने 12 गेंदों पर 26 रन की तेज पारी खेली।
इसके अलावा डेनोवन फरेला और रविंद्र जडेजा ने 12-12 रन बनाए। दासुन शनाका 5 रन, जोफ्रा आर्चर 4 रन और नांद्र बर्गर 1 रन बनाकर आउट हुए। सुशांत मिश्रा 1 रन बनाकर नाबाद लौटे।
हैदराबाद के गेंदबाजों की हुई जमकर पिटाई
सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से प्रफुल हिंगे ने सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किए। वहीं ईशान मलिंगा, शिवांग कुमार और नितीश कुमार रेड्डी को 1-1 सफलता मिली।
अब हैदराबाद के सामने 244 रन का विशाल लक्ष्य
राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल एलिमिनेटर जैसे बड़े मुकाबले में 243 रन बनाकर सनराइजर्स हैदराबाद के सामने जीत के लिए 244 रन का मुश्किल लक्ष्य रख दिया है। अब सभी की नजरें हैदराबाद की बल्लेबाजी पर टिकी हैं कि टीम इस विशाल स्कोर का पीछा कर पाती है या नहीं।
