रायपुर। स्वामी विवेकानंद विमानतल से उड़ानों का नया विंटर शेड्यूल लागू हो गया है। 25 अक्टूबर से 27 मार्च तक प्रभावी रहने वाले इस शेड्यूल में कई उड़ानों के समय बदले गए हैं। साथ ही रायपुर से अंबिकापुर के लिए नई विमान सेवा भी शुरू की गई है।
दिल्ली की पहली फ्लाइट अब सुबह 7:55 बजे
एयर इंडिया की रायपुर से दिल्ली जाने वाली पहली उड़ान अब सुबह 7:55 बजे रवाना होगी। पहले इसका समय सुबह 8:25 बजे था। हालांकि, दिल्ली के लिए आखिरी उड़ान रात 8:45 बजे ही रवाना होगी। रायपुर-दिल्ली के बीच रोजाना तीन उड़ानों का संचालन जारी रहेगा।
अंबिकापुर और जगदलपुर के लिए उड़ानें
अलायंस एयर रायपुर से अंबिकापुर के लिए मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उड़ान संचालित करेगी। जगदलपुर के लिए भी इन्हीं तीन दिनों में विमान सेवा उपलब्ध रहेगी। वहीं, मध्य प्रदेश के रीवा के लिए सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को उड़ानें संचालित होंगी।
इंडिगो की उड़ानों में भी बदलाव
इंडिगो रायपुर से औसतन रोजाना 25 उड़ानों का संचालन कर रही है। कंपनी की सेवाएं दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और अन्य प्रमुख शहरों के लिए जारी रहेंगी। नए शेड्यूल के तहत इंडिगो की आखिरी उड़ान अब रात 10 बजे के बजाय रात 9:35 बजे रवाना होगी।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर उड़ान का समय जरूर जांच लें।
