रायपुर। धान के समर्थन मूल्य और किसानों से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर प्रदेश किसान संघ, छत्तीसगढ़ की ओर से 5 अक्टूबर को रायपुर में किसान सत्याग्रह का आयोजन किया जा रहा है। संगठन के पर्चे के मुताबिक, दोपहर 2 बजे जिला कार्यालय के पास अंबेडकर चौक पर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
किसान संगठन ने सत्याग्रह के तहत धान खरीदी और समर्थन मूल्य से जुड़े कई मुद्दे उठाए हैं। संगठन की प्रमुख मांगों में समर्थन मूल्य बढ़ोतरी का लाभ किसानों को देने के साथ वर्ष 2026-27 में 3,358 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की मांग शामिल है।
इसके अलावा संगठन ने वर्ष 2024-25 के धान की अंतर की राशि 117 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान करने और वर्ष 2025-26 के धान की अंतर राशि 186 रुपये प्रति क्विंटल की दर से देने की मांग रखी है।
किसानों की एक अन्य मांग राजीव गांधी किसान न्याय योजना की बकाया चौथी किस्त का भुगतान करने की है। साथ ही संगठन ने समर्थन मूल्य गारंटी कानून बनाने की मांग भी उठाई है।
पर्चे में किसान संगठन ने दावा किया है कि समर्थन मूल्य में हुई बढ़ोतरी का पूरा लाभ किसानों तक नहीं पहुंच रहा है। संगठन ने सरकार से किसानों के हित में समर्थन मूल्य की व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू करने की मांग की है।
संगठन के मुताबिक, 5 अक्टूबर को रायपुर में मुख्यमंत्री के नाम मांगों का ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके साथ ही किसानों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है।
