रायपुर। राजधानी रायपुर में खुद को सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता और राजस्थान कैडर की चयनित सिविल जज बताकर ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह ने अपनी पुरानी स्कूल फ्रेंड आरजू शर्मा (24) से उसके भाई के पारिवारिक विवाद में कानूनी मदद दिलाने के नाम पर 1.88 लाख रुपये ऐंठ लिए। काम नहीं होने पर पैसे वापस मांगने पर गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप है। खमतराई पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
स्कूल की दोस्ती का उठाया फायदा
पीड़िता आरजू निजी शिक्षिका हैं। उनकी पूजा से पहचान डैजल पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। बाद में दोनों इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में रहीं। अप्रैल 2025 में पूजा ने काले कोट में तस्वीरें साझा कर खुद को सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता बताया। उसने राजस्थान कैडर में सिविल जज के पद पर चयन और प्रशिक्षण लेने का भी दावा किया।
आरजू के भाई के पारिवारिक विवाद में मदद का भरोसा देकर पूजा ने पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों से संपर्क होने की बात कही।
पुलिस अधिकारी और वकील के नाम पर वसूले पैसे
शिकायत के मुताबिक, 16 सितंबर को पूजा ने पुलिस अधिकारी को दो लाख रुपये देने की बात कही। इसके अलावा वकील और अपनी फीस के नाम पर भी रकम मांगी। आरजू ने 15 हजार रुपये अधिवक्ता के यूपीआई खाते में, पांच हजार रुपये पूजा के खाते में और डेढ़ लाख रुपये नकद दिए। बाद में कॉल रिकॉर्ड निकलवाने के नाम पर क्यूआर कोड के जरिए 18 हजार रुपये और ट्रांसफर कराए गए।
रकम मांगने पर दी झूठे केस में फंसाने की धमकी
कुछ समय बाद पीड़िता को पूजा के वकील और सिविल जज होने के दावों पर संदेह हुआ। कथित अधिवक्ता ने भी केस नहीं करने की बात कही। इसके बाद आरजू ने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि पूजा ने फैमिली कोर्ट में याचिका दाखिल कराने के नाम पर 50 हजार रुपये और मांगे। रकम वापस मांगने पर तीन अक्टूबर को गाली-गलौज कर प्रभाव का इस्तेमाल करके झूठी शिकायत में फंसाने की धमकी दी गई। फिलहाल खमतराई पुलिस मामले की जांच कर रही है।
