मुंगेली को 465 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, CM साय ने 77 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम में 465 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक के 77 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 68 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूर्ण 24 कार्यों का लोकार्पण और 397 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 53 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है।

इन परियोजनाओं से जिले में सड़क, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का सर्वांगीण विकास और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

143 करोड़ से बनेंगी 25 सड़कें

मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 143 करोड़ रुपये की लागत से 25 सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। इनसे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा। किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी।

कंतेली में कॉलेज और पंचायत भवन बनाने की घोषणा

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम कंतेली में महाविद्यालय भवन और पंचायत भवन बनाने की घोषणा की। इसके अलावा ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका तथा ग्राम कोदवा से खुर्शी तक सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्य कराने की घोषणा भी की।

उपमुख्यमंत्री और केंद्रीय राज्यमंत्री भी रहे मौजूद

केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने विकास कार्यों के लिए जिलेवासियों को बधाई दी। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जिले में सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के कार्य आगे बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुंगेली नगरीय निकाय क्षेत्र के लिए एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति मिली है।

कार्यक्रम में विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता राशि और सामग्री भी वितरित की।

Share this Article