सुकमा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 140वीं कड़ी में युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताई। उन्होंने नशामुक्त युवा अभियान को जनआंदोलन बनाने और युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री और सुकमा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कोंटा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ सुना।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए संचार साथी पोर्टल, डिजिटल जागरूकता और सरकारी कर्मचारियों के कौशल विकास के लिए आईगॉट कर्मयोगी प्लेटफॉर्म का भी उल्लेख किया। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्थानीय उद्यमिता, भारतीय उत्पादों की वैश्विक पहचान, खेल और फिटनेस जैसे विषयों पर भी विचार साझा किए।
नशे से दूर रहकर विकास में योगदान दें युवा
कार्यक्रम के बाद मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि ‘मन की बात’ सिर्फ रेडियो प्रसारण नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव और जनभागीदारी बढ़ाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवाओं में प्रतिभा और संभावनाओं की कमी नहीं है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और कौशल विकास से जुड़ना चाहिए।
उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपनाने और नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की।
महिलाओं ने भेंट किया कोलाज
कार्यक्रम के बाद सुकमा क्षेत्र की महिलाओं ने मंत्री केदार कश्यप को ‘मन की बात’ के पिछले सामूहिक श्रवण कार्यक्रमों की तस्वीरों से तैयार कोलाज भेंट किया। मंत्री ने इस उपहार के लिए महिलाओं का आभार जताया।
इस अवसर पर भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
