मोहला। छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के 25 श्रमिकों को कर्नाटक के बेलगावी जिले से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। ये श्रमिक गन्ने के खेतों में काम करने के लिए कर्नाटक गए थे, लेकिन मजदूरी नहीं मिलने और दूसरी परेशानियों के कारण घर नहीं लौट पा रहे थे। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला प्रशासन की टीम ने कर्नाटक पहुंचकर स्थानीय पुलिस की मदद से सभी श्रमिकों को रेस्क्यू कराया और उनकी बकाया मजदूरी का भुगतान भी सुनिश्चित किया।
रेस्क्यू किए गए श्रमिकों में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के 21 और महाराष्ट्र के चार लोग शामिल हैं।
मजदूरी नहीं मिलने पर परिजनों ने की शिकायत
जानकारी के मुताबिक, 5 नवंबर को मोहला जिले के रामगढ़, भैंसबोड़, सोमाटोला, मारकटोला और खड़गांव क्षेत्र के 21 श्रमिक गन्ने के खेतों में काम करने कर्नाटक गए थे। उनके साथ महाराष्ट्र के चार श्रमिक भी थे। मजदूरी का भुगतान नहीं होने और अन्य परेशानियों के चलते श्रमिक वहां फंस गए।
इसके बाद परिजनों ने मोहला थाने में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस अधिकारियों से मदद मांगी।
कर्नाटक पहुंची संयुक्त टीम ने कराया रेस्क्यू
मामले की जानकारी मिलने पर कलेक्टर तनुजा सलाम और पुलिस अधीक्षक वाईपी सिंह ने राजस्व, श्रम और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाई। नायब तहसीलदार दिनेश साहू के नेतृत्व में टीम 25 नवंबर को कर्नाटक के लिए रवाना हुई।
27 नवंबर को टीम बेलगावी पहुंची और स्थानीय प्रशासन व पुलिस के सहयोग से कार्यस्थल पर कार्रवाई कर सभी 25 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी बकाया मजदूरी का भुगतान भी कराया गया।
पुलिस सुरक्षा में घर लौट रहे श्रमिक
रेस्क्यू के बाद सभी श्रमिकों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था बेलगावी में की गई। 28 नवंबर की सुबह उन्हें पुलिस सुरक्षा में ट्रेन से मोहला के लिए रवाना किया गया। प्रशासन के मुताबिक, सभी श्रमिक सुरक्षित हैं और मोहला पहुंचने पर उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
जिला प्रशासन का कहना है कि इससे पहले भी महाराष्ट्र और कर्नाटक में फंसे श्रमिकों को वापस लाया जा चुका है।
