जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर बुजुर्ग से 32 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने इंदौर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौम्य जैसवार (21) और देवराज अमकरे (24), निवासी इंदौर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। इससे पहले इस मामले में पंजाब से एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, जांजगीर निवासी तुषारकर देवांगन ने ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपियों ने पहले टेलीकॉम अथॉरिटी का अधिकारी बनकर फोन किया और मोबाइल नंबर का मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इस्तेमाल होने की बात कही। इसके बाद सीबीआई अधिकारी बनकर गिरफ्तारी और जांच का डर दिखाया।
ठगों ने 24 घंटे से अधिक समय तक अलग-अलग मोबाइल नंबरों से संपर्क कर बुजुर्ग को डराया। पुलिस से मामला सुलझाने का झांसा देकर उनसे 32 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए। बाद में मोबाइल नंबर बंद होने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत की।
जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इंदौर में दबिश दी। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, आधार और पैन कार्ड जब्त किए हैं। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि कानून में डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई व्यवस्था नहीं है। पुलिस वीडियो कॉल पर किसी को गिरफ्तार नहीं करती। ऐसी धमकियों से डरने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें
