जगदलपुर में युवा संवाद: मनसुख मांडविया बोले- 2047 के विकसित भारत की जिम्मेदारी युवाओं के हाथों में

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

जगदलपुर। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि वर्ष 2047 में जब देश आजादी की शताब्दी मनाएगा, तब भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के हाथों में होगी। उन्होंने युवाओं को ‘अमृत पीढ़ी’ बताते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

सोमवार, 2 नवंबर को कुम्हरावण्ड स्थित शासकीय कृषि महाविद्यालय सभागार में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने युवाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोकतंत्र, मतदाता सूची पुनरीक्षण और युवाओं की भूमिका पर चर्चा की। साथ ही प्रधानमंत्री के पंच प्रण को जीवन में अपनाने की अपील की।

मांडविया ने ‘माय भारत’ डिजिटल प्लेटफॉर्म का जिक्र करते हुए कहा कि इसके माध्यम से युवाओं को नवाचार, मेंटरशिप, स्वयंसेवा और करियर के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से जिस भी क्षेत्र में आगे बढ़ें, राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करने का आग्रह किया। बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता और चित्रकोट जलप्रपात की संभावनाओं की भी उन्होंने सराहना की।

कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री केदार कश्यप ने युवाओं को राष्ट्र सेवा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि अराजकता फैलाने वाली ताकतों के खिलाफ बस्तर का युवा एकजुट है।

इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण देव सिंह सहित भाजपा और भाजयुमो के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Share this Article