नई दिल्ली के छत्तीसगढ़ सदन में मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में मुख्यमंत्री ने दोनों नेताओं के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

मुख्यमंत्री साय ने महात्मा गांधी के जीवन और विचारों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सत्य, अहिंसा और मानवता के रास्ते पर चलते हुए दुनिया को शांति और सद्भाव का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि गांधी के विचार समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और आत्मनिर्भरता की भावना से जुड़े थे। उनका जीवन सत्य के मार्ग पर चलते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी याद किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री का सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

मुख्यमंत्री ने शास्त्री के प्रसिद्ध नारे ‘जय जवान-जय किसान’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह देश की सुरक्षा और समृद्धि में जवानों और किसानों के योगदान को रेखांकित करता है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और आदर्श जनकल्याण, सुशासन और राष्ट्रसेवा के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

Share this Article