बस्तर के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक से सुनाई बदलाव की कहानी, ‘नमो सेवा’ का दिया संदेश

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबुझमाड़ इलाके में बदलाव की एक नई तस्वीर सामने आई है। देवगांव के पीएम श्री पोर्टा केबिन आवासीय विद्यालय के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए सरकारी योजनाओं और बस्तर में शांति, शिक्षा और विकास का संदेश दिया।

“नमो सेवा अनकही कहानियां” अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अभिनय और संवादों के जरिए लोगों को केंद्र सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया।

बच्चों ने स्वच्छ भारत अभियान, पीएम-सूर्य घर योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम स्वनिधि योजना को अपने नाटक का हिस्सा बनाया।

नाटक में स्वच्छता अपनाने, सौर ऊर्जा के इस्तेमाल, स्वास्थ्य सुरक्षा, पक्के मकान और छोटे कारोबारियों को आर्थिक मदद मिलने जैसे मुद्दों को सरल तरीके से समझाया गया।

कार्यक्रम में बच्चों ने बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त बनाने के लिए शांति, शिक्षा, रोजगार और विकास को जरूरी बताया। उनकी प्रस्तुति के दौरान पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा।

इस कार्यक्रम का संदेश साफ था कि बस्तर में स्थायी बदलाव केवल सुरक्षा व्यवस्था से नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और विकास के अवसर बढ़ाने से भी संभव है।

दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्र के इन बच्चों की प्रस्तुति को बस्तर में बदलते माहौल और नई पीढ़ी की बढ़ती भागीदारी के तौर पर देखा जा रहा है।

Share this Article