दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए सड़क निर्माण सहित कई विकास कार्यों की शुरुआत की गई है। कैबिनेट मंत्री और दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप शनिवार को नारायणपुर जिले के दुर्गम वनांचल क्षेत्र हांदावाड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने 10.28 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली तुमरीगुण्डा-हांदावाड़ा सड़क का भूमिपूजन किया। इस दौरान करीब 1.57 करोड़ रुपये के अन्य विकास कार्यों की भी सौगात दी गई।
तुमरीगुण्डा से हांदावाड़ा तक बनने वाली यह सड़क 7.40 किलोमीटर लंबी होगी। इसके निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। सड़क बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार से जुड़ी सेवाओं तक पहुंच आसान हो सकेगी।
पहुरनार-बड़ेकरका सड़क का भी भूमिपूजन
कार्यक्रम में पहुरनार मार्ग से बड़ेकरका तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनने वाली सड़क का भी भूमिपूजन किया गया। इसकी लागत चार करोड़ 36 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। इन परियोजनाओं से अबूझमाड़ के दूरस्थ गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
जनचौपाल में ग्रामीणों से किया संवाद
हांदावाड़ा में आयोजित जनचौपाल और दीपावली मिलन समारोह में मंत्री केदार कश्यप ने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं और क्षेत्र की जरूरतें उनके सामने रखीं।
लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहे अबूझमाड़ में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
