बंगोली के पास सड़क हादसा: राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा समेत पांच लोग घायल, एम्स रायपुर में जांच

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा की कार शुक्रवार शाम सड़क हादसे का शिकार हो गई। खरोरा-रायपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम बंगोली के पास हुए इस हादसे में सांसद लक्ष्मी वर्मा समेत दोनों वाहनों में सवार कुल पांच लोग घायल हुए हैं। सांसद के हाथों में चोट आई है।

जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना शाम करीब 6:30 बजे हुई। लक्ष्मी वर्मा खरोरा से रायपुर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रैक्टर से साइड लेने की कोशिश में उनकी कार की विपरीत दिशा से आ रही दूसरी कार से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा और उनमें सवार लोग घायल हो गए।

प्राथमिक उपचार के बाद एम्स रायपुर भेजे गए घायल

हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को खरोरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार, सभी की हालत सामान्य बताई गई।

हालांकि, एहतियात के तौर पर बेहतर स्वास्थ्य परीक्षण और आगे के उपचार के लिए सभी घायलों को निजी वाहन से रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भेजा गया।

पुलिस ने संभाली यातायात व्यवस्था

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई।

फिलहाल सभी घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

Share this Article