युवा अपनी प्रतिभा पहचानें और लक्ष्य तय करें, मंत्री केदार कश्यप ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने युवाओं से अपनी प्रतिभा और रुचि पहचानकर भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ नौकरी पाना नहीं, बल्कि अपने चुने हुए क्षेत्र में दक्षता और कौशल हासिल करना भी होना चाहिए।

कोंडागांव जिले के मर्दापाल स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में शनिवार को दो दिवसीय ‘दिशा युवा समागम’ का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में करीब 12 शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान मंत्री ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उनके सवालों के जवाब भी दिए।

मोबाइल का इस्तेमाल ज्ञान बढ़ाने में करें

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केदार कश्यप ने कहा कि विद्यार्थियों को मोबाइल का इस्तेमाल सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि नई तकनीक सीखने और ज्ञान बढ़ाने के लिए करना चाहिए। उन्होंने युवाओं को समय का सदुपयोग करने और हर दिन कुछ नया सीखने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि हर विद्यार्थी के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत उसे पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ने की है। असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर लगातार प्रयास करते रहना चाहिए।

मर्दापाल स्कूल में डोम शेड बनाने की घोषणा

मंत्री ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मर्दापाल में डोम शेड निर्माण की घोषणा की। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में छात्रावासों और प्राथमिक शालाओं को लेकर भी काम किया जा रहा है। महाविद्यालय भवन का निर्माण टेंडर प्रक्रिया में है, जबकि खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए मिनी स्टेडियम प्रस्तावित है।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं, समय प्रबंधन और व्यक्तित्व विकास की जानकारी दी। विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने विज्ञान मॉडल भी प्रदर्शित किए। मंत्री ने युवाओं से 2047 तक विकसित भारत और विकसित बस्तर के निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Share this Article