एडवोकेट जनरल ऑफिस के नाम पर फर्जी वेबसाइट, ऑनलाइन सट्टे और लॉटरी के विज्ञापन से मचा हड़कंप

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के एडवोकेट जनरल कार्यालय के नाम से मिलती-जुलती एक वेबसाइट पर ऑनलाइन सट्टे और लॉटरी के विज्ञापन दिखाए जाने का मामला सामने आया है। वेबसाइट का डोमेन नाम advocategeneralcg.com है। इसके मुख्य पेज पर ऑनलाइन जुआ, लॉटरी और इनाम से जुड़े कई प्रचारात्मक विज्ञापन दिखाई दे रहे हैं।

मामले की जानकारी मिलने के बाद एडवोकेट जनरल विवेक शर्मा ने वेबसाइट को फर्जी बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाईकोर्ट के एडवोकेट जनरल कार्यालय की ओर से ऐसी कोई वेबसाइट नहीं बनाई गई है। उन्होंने इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।

वेबसाइट पर सट्टे और भर्ती के विज्ञापन

वेबसाइट खोलने पर JARI4D नाम से ऑनलाइन सट्टे और लॉटरी का प्रचार दिखाई देता है। इसमें ‘Togel Macau’ और ‘Toto Macau’ जैसी श्रेणियां भी मौजूद हैं। इसके अलावा 10 हजार रुपये के प्रचारात्मक संदेश, सट्टे के नंबर और इनाम से जुड़ी सामग्री प्रदर्शित की गई है।

वेबसाइट पर स्वामी विवेकानंद की तस्वीर के साथ भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विज्ञापन भी दिखाई दे रहे हैं। अलग-अलग पेज पर एडवोकेट जनरल विवेक शर्मा और पूर्व एडवोकेट जनरल प्रफुल्ल भारत की तस्वीरें और जानकारियां भी मौजूद हैं।

साइबर जांच से खुलेगा राज

वेबसाइट के नाम में एडवोकेट जनरल सीजी शब्दों का इस्तेमाल होने से लोगों में इसके सरकारी कार्यालय से जुड़े होने का भ्रम पैदा हो सकता है। साइबर जांच में डोमेन पंजीकरण, सर्वर और विज्ञापन नेटवर्क की पड़ताल से वेबसाइट के संचालकों की पहचान की जा सकती है।

अब जांच के जरिए यह पता लगाना होगा कि वेबसाइट किसने बनाई और सरकारी कार्यालय के नाम से मिलती-जुलती पहचान का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया।

Share this Article