महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के गढ़फुलझर को धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक समरसता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ऐतिहासिक नानक सागर साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद इसके विकास के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान का निर्माण कराने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री बसना विकासखंड के गढ़फुलझर में सिख समाज द्वारा आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल हुए। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि के लिए अरदास की तथा शबद कीर्तन का श्रवण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़फुलझर गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़ी करीब 500 साल पुरानी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक धरोहर है। गुरु नानक देव जी का प्रेम, समानता, करुणा और मानवता का संदेश पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि गढ़फुलझर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि विभिन्न समाजों की साझा आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। सरकार इसे ऐसे पवित्र धाम के रूप में विकसित करेगी, जहां श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति के साथ बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम में बसना विधायक संपत अग्रवाल सहित सिख समाज और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं से नानकसागर और गढ़फुलझर के विकास तथा धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।
