विधायक अनुज शर्मा की सेवा संवाद यात्रा: 12वीं बोर्ड के प्रदेश टॉपर की पूरी पढ़ाई का खर्च उठाएंगे, सांकरा में किया युवा संवाद

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

धरसींवा। धरसींवा विधायक अनुज शर्मा की सेवा संवाद यात्रा के चौथे दिन निमोरा, धनेली, सांकरा और सिलतरा में जनसंपर्क और विकास कार्यों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विद्यार्थियों के साथ युवा संवाद किया। सांकरा में उन्होंने घोषणा की कि धरसींवा विधानसभा क्षेत्र का जो भी विद्यार्थी 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में टॉप करेगा, उसकी उच्च शिक्षा का पूरा खर्च वे स्वयं उठाएंगे।

युवा संवाद के दौरान विधायक ने विद्यार्थियों से पढ़ाई और भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा की। उन्होंने स्कूल की लाइब्रेरी के लिए ज्ञानवर्धक पुस्तकें देने, विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ विधानसभा का भ्रमण कराने और बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की।

निमोरा में सब-स्टेशन बनाने की पहल

ग्राम निमोरा में शौचालय और स्कूल के अतिरिक्त कक्ष का भूमिपूजन किया गया। लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या पर नया बिजली सब-स्टेशन स्थापित करने के लिए अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बाजार चौक में हाईमास्ट लाइट लगाने की घोषणा भी हुई।

धनेली और सांकरा को विकास कार्यों की सौगात

धनेली में नवनिर्मित बालिका शौचालय का लोकार्पण किया गया। वहीं सांकरा में खेल मैदान के समतलीकरण और बालिका शौचालय निर्माण की घोषणा हुई।

मितानिन दिवस पर निमोरा में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी मितानिन बहनों का सम्मान भी किया गया। यात्रा के अंतिम पड़ाव सिलतरा में विधायक ने ग्रामीणों के साथ भोजन किया और रात्रि विश्राम किया। इस दौरान बूथ पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक भी हुई।

Share this Article