भोपाल। मध्यप्रदेश के बैतूल और सिवनी जिले में पुलिस ने गौवंश के अवैध परिवहन के खिलाफ दो बड़ी कार्रवाई की हैं। पुलिस ने ट्रक और कंटेनर में क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाए जा रहे 109 गौवंश को मुक्त कराया। दोनों मामलों में वाहनों और पशुओं सहित 54 लाख 8 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। सिवनी में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है, जबकि बैतूल में ट्रक चालक फरार हो गया।
बैतूल में ट्रक से मिले 51 गौवंश
बैतूल जिले के सांईखेड़ा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एनएच-47 के रास्ते ट्रक में गौवंश को महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। पुलिस ने ससुन्द्रा आरटीओ चेक पोस्ट के पास घेराबंदी कर ट्रक पकड़ा। तलाशी में 51 बैल और बछड़े रस्सियों से बंधे मिले। चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने 34.08 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर गौवंश को पारसडोह गौशाला पहुंचाया।
सिवनी में कंटेनर से 58 गौवंश बरामद
सिवनी के छपारा थाना पुलिस ने बंजारी माता मंदिर के पास कंटेनर रोककर तलाशी ली। इसमें 58 गौवंश के पैर और मुंह बंधे मिले। पुलिस ने सभी को मुक्त कर पिंडरई गौशाला पहुंचाया। मामले में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है। करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस
दोनों मामलों में गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने अवैध परिवहन की सूचना डायल-112 पर देने की अपील की है।
