कोरबा में हाथी को भगाने पहुंचे ग्रामीणों के ट्रैक्टर पर हमला, बाल-बाल बची लोगों की जान

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हाथी को भगाने की कोशिश के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कूदमुरा वन परिक्षेत्र के जिलगा जंगल में ट्रैक्टर लेकर हाथी को खदेड़ने पहुंचे ग्रामीणों के वाहन पर ही हाथी ने अचानक हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

हाथी को भगाने ट्रैक्टर लेकर पहुंचे ग्रामीण

जानकारी के अनुसार, जिलगा जंगल में हाथी की मौजूदगी के दौरान कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर उसे भगाने पहुंच गए थे। इसी दौरान हाथी अचानक आक्रामक हो गया और उसने ट्रैक्टर को निशाना बनाकर हमला कर दिया। हाथी के अचानक हमले से ग्रामीणों में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

मौके पर मौजूद थे वन विभाग के कर्मचारी

बताया जा रहा है कि घटना के समय हाथी दल के साथ वन विभाग के बीट गार्ड और डिप्टी रेंजर भी मौके पर मौजूद थे। इसके बावजूद ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर हाथी को भगाने कैसे पहुंच गए, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं।

वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल

इस घटना ने जंगल के आसपास रहने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा और हाथियों को नियंत्रित करने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों को हाथी के पास जाने से रोकने के लिए क्या इंतजाम किए गए थे और ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचने की अनुमति किसने दी थी, इसकी जांच जरूरी है।

फिलहाल घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।

Share this Article