नगरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में वन भूमि पर वर्षों से खेती कर रहे आदिवासी परिवारों को बेदखली नोटिस जारी किए जाने के बाद विवाद गहरा गया है। नगरी तहसील के उमरादेहान, कौहाबाहरा और दुगली क्षेत्र के ग्रामीणों का दावा है कि वे करीब 50 वर्षों से इन जमीनों पर खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से न्याय की मांग की है।
बैठक में मिला था समाधान का भरोसा
ग्रामीणों के मुताबिक, 30 अक्टूबर को दुगली थाना परिसर में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में बैठक हुई थी। इसमें GPS सर्वे कर 15 दिनों के भीतर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया था।
सर्वे के बाद जारी हुआ बेदखली नोटिस
ग्रामीणों का आरोप है कि 1 से 18 नवंबर तक वन कक्ष क्रमांक 255, 256 और 258 में GPS सर्वे कराया गया। लेकिन समाधान के बजाय 19 नवंबर को वन विभाग ने भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 80 ‘अ’ के तहत बेदखली नोटिस जारी कर दिया।
25 नवंबर तक का अल्टीमेटम
ग्रामीणों ने 1987 के सिहावा-नगरी भू-आंदोलन के समझौते का भी मुद्दा उठाया है। उनकी मांग है कि बेदखली नोटिस वापस लिया जाए, GPS सर्वे रिपोर्ट सार्वजनिक हो और वर्षों से काबिज परिवारों के अधिकारों का न्यायसंगत समाधान किया जाए।
ग्रामीणों ने प्रशासन को 25 नवंबर तक का समय दिया है। मांगें पूरी नहीं होने पर चक्काजाम और जेल भरो आंदोलन की चेतावनी दी है।
