कुरुद। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में चावल कारोबार से जुड़े 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में कुरुद पुलिस ने महासमुंद निवासी राइस मिलर विनय अग्रवाल (52) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एफसीआई गोदाम में चावल जमा कराने का झांसा देकर फर्जी इनवॉइस और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने का आरोप है। न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एक करोड़ रुपये का लेनदेन, 60 लाख बकाया
पुलिस के मुताबिक, कुरुद निवासी उर्मिला शर्मा (48) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने व्यावसायिक लेनदेन के तहत आरोपी को केनरा बैंक के माध्यम से RTGS से एक करोड़ रुपये दिए थे। इसमें से 40 लाख रुपये वापस किए गए, लेकिन शेष 60 लाख रुपये नहीं लौटाए गए।
2360 क्विंटल चावल के नाम पर आठ फर्जी बिल
शिकायत में आरोप लगाया गया कि बकाया रकम हड़पने के लिए आरोपी ने 16 से 24 जून 2023 के बीच 2360 क्विंटल चावल एफसीआई के मंदिर हसौद गोदाम में जमा कराने के नाम पर आठ फर्जी बिल तैयार किए। जांच में दस्तावेजों की तारीख और तथ्यों में विसंगतियां मिलीं।
SP के निर्देश पर पुलिस की कार्रवाई
मामले में कुरुद थाने में अपराध क्रमांक 397/2026 के तहत धोखाधड़ी और कूटरचना से जुड़ी धाराओं 420, 467, 468 और 471 में केस दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में टीम ने महासमुंद से आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कारोबारियों से बड़े लेनदेन में बैंकिंग दस्तावेजों और इनवॉइस का सत्यापन करने की अपील की है।
