राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक मड़ई-मेलों की संस्कृति एक बार फिर राजनांदगांव के मोहरा मेले में देखने को मिल रही है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शिवनाथ नदी के किनारे आयोजित तीन दिवसीय शिवनाथ महोत्सव में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। 24 से 26 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में झूले, खानपान की दुकानें और सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
2014 से शिवनाथ महोत्सव के रूप में मिली पहचान
मोहरा मेले का आयोजन शिवनाथ नदी के किनारे वर्षों से होता आ रहा है। वर्ष 2014 में शासन ने इस पारंपरिक मेले को नया स्वरूप देते हुए तीन दिवसीय शिवनाथ महोत्सव के रूप में विकसित किया। इसके बाद से मेले की लोकप्रियता लगातार बढ़ी है। इस वर्ष भी सुबह से देर रात तक मेले में लोगों की आवाजाही बनी हुई है। परिवार और दोस्तों के साथ पहुंचे लोग झूलों, चाट-पकौड़ों और खेल-खिलौनों की दुकानों का आनंद ले रहे हैं।
मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
मेले में स्थित प्राचीन शिव मंदिर और दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर धार्मिक आस्था और पारंपरिक उत्सव का संगम देखने को मिल रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था
महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भीड़ को देखते हुए पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं और मेले में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
