कोण्डागांव में कलार महोत्सव: CM विष्णुदेव साय बोले- भगवान सहस्रबाहु अर्जुन के आदर्श न्याय और लोककल्याण की देते हैं प्रेरणा

admin  - News & Entertainment
3 Min Read

कोण्डागांव। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में आयोजित राज राजेश्वर भगवान सहस्रबाहु अर्जुन जयंती एवं कलार महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान सहस्रबाहु अर्जुन का जीवन न्याय, धर्मरक्षा और लोककल्याण के आदर्शों का प्रतीक है। उनके विचार समाजसेवा और जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं।

कलार समाज की गौरवशाली विरासत की सराहना

मुख्यमंत्री ने कलार समाज के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक परंपराओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि सातवीं से सत्रहवीं शताब्दी तक देश के विभिन्न क्षेत्रों में कलचुरी वंश का शासन रहा। आज कलार समाज शिक्षा, कृषि, व्यापार और व्यवसाय सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सामाजिक एकता और संगठित प्रयासों को प्रदेश की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया।

किसानों और धान खरीदी पर कही बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो चुकी है। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र भी शुरू किए गए हैं। उन्होंने विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी समाजों से भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

केदार कश्यप बोले- बस्तर सामाजिक सद्भाव की मिसाल

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर में सामाजिक सद्भाव का अनूठा उदाहरण देखने को मिलता है। यहां कलार और जनजातीय समाज के लोग सदियों से मिल-जुलकर रहते आए हैं। सभी समाज एक-दूसरे की परंपराओं और आयोजनों में भागीदारी निभाते हैं। उन्होंने इस विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की अपील की।

मंत्री ने बस्तर में शांति और विकास के लिए सुरक्षा जवानों के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों में अब विकास की सुविधाएं पहुंच रही हैं और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने मितानिन बहनों को दी बधाई

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदेश की 70 हजार से अधिक मितानिन बहनों को मितानिन दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मितानिन बहनें कठिन परिस्थितियों में भी समर्पण के साथ स्वास्थ्य सेवाएं दे रही हैं।

कार्यक्रम में कांकेर सांसद भोजराज नाग, विधायक लता उसेंडी, नीलकंठ टेकाम, पूर्व विधायक सेवकराम नेताम सहित प्रशासनिक अधिकारी, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Share this Article