दो दिन पहले फिसलकर गिरने से पैर में आई थी चोट, चलने-फिरने में हो रही थी परेशानी; मुख्यमंत्री ने जशपुर में घर पहुंचकर जाना था हाल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व सांसद और वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय चोटिल हो गए हैं। दो दिन पहले फिसलकर गिरने से उनके पैर में चोट आई थी, जिसके चलते उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका हाल जाना और बेहतर इलाज के लिए अपने हेलीकॉप्टर से रायपुर लेकर आए। यहां उन्हें बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने घर पहुंचकर जाना था हाल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि जशपुर प्रवास के दौरान उनका एक कार्यक्रम नंदकुमार साय के निवास के पास था। इसी दौरान वे रात में उनके घर पहुंचे और मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बताया कि पैर में चोट लगने के कारण नंदकुमार साय को काफी परेशानी हो रही थी।
हेलीकॉप्टर से लाए रायपुर
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्हें भी रायपुर लौटना था। ऐसे में उन्होंने नंदकुमार साय को अपने साथ हेलीकॉप्टर से लाने का निर्णय लिया, ताकि सड़क मार्ग से लंबी यात्रा करने में उन्हें परेशानी न हो। रायपुर पहुंचने के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
भाजपा छोड़ कांग्रेस में हुए थे शामिल
गौरतलब है कि नंदकुमार साय छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेताओं में शामिल हैं। वे भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद रह चुके हैं। लंबे समय तक भाजपा में रहने के बाद उन्होंने पार्टी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया था। उनके चोटिल होने की जानकारी सामने आने के बाद मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें उपचार के लिए रायपुर लाने की पहल चर्चा में है।
