बालोद में नेशनल हाईवे-30 पर चलते ट्रक में लगी भीषण आग, 14 चक्का वाहन जलकर खाक; चालक ने कूदकर बचाई जान

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नेशनल हाईवे-30 पर आधी रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पुरूर थाना क्षेत्र में बिजली कार्यालय के सामने कच्चा लोहा लेकर जा रहे 14 चक्का ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली।

नारायणपुर से रायपुर जा रहा था ट्रक

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक CG-04-QH-9770 कच्चा लोहा भरकर नारायणपुर से रायपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 1:15 बजे ट्रक से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आग तेजी से फैलने लगी। हालात बिगड़ते देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से छलांग लगा दी।

दमकल पहुंचने तक जलकर खाक हुआ ट्रक

घटना की सूचना मिलने के बाद करीब आधे घंटे में दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, तब तक आग इतनी भीषण हो चुकी थी कि पूरा 14 चक्का ट्रक जलकर खाक हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक नारायणपुर के एक ट्रांसपोर्टर का है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक तौर पर ट्रक में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। फिलहाल पुरूर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share this Article