जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब तस्करी के बड़े मामले का खुलासा किया है। मुखबिर की सूचना पर दरभा थाना क्षेत्र के छोटे कड़मा में दबिश देकर टीम ने मध्यप्रदेश निर्मित गोवा ब्रांड विदेशी शराब की 7,010 बोतलें जब्त की हैं। तस्करी में इस्तेमाल तीन वाहन भी पकड़े गए हैं। मामले में दो नाबालिगों समेत तीन लोगों को पकड़ा गया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
आबकारी अधिकारी अंकित सिंह राठौर के अनुसार, 21 नवंबर को छोटे कड़मा में शराब परिवहन की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए एक ईको वाहन से 15 पेटी शराब बरामद की। इस दौरान वाहन में मौजूद सुनील सेठिया निवासी राजुर फरार हो गया।
इसके बाद पैशन प्रो बाइक पर सवार दो लोगों को पकड़ा गया। इनमें एक नाबालिग और दूसरा प्रवीण बघेल निवासी चितापूर था। तलाशी में बाइक से एक पेटी शराब मिली। पूछताछ में आरोपियों ने गिट्टी खदान के रास्ते पर शराब छिपाकर रखने की जानकारी दी।
टीम ने बताए गए स्थान पर अशोक लीलैंड वाहन की तलाशी ली, जहां से 124 पेटी शराब बरामद हुई। पूरी कार्रवाई में कुल 140 पेटी और 10 नग शराब जब्त की गई। इसकी मात्रा 1,261.8 बल्क लीटर है।
20.96 लाख की सामग्री जब्त
जब्त शराब की कीमत 9 लाख 46 हजार 350 रुपये आंकी गई है। वाहनों सहित कुल जब्त सामग्री का बाजार मूल्य 20 लाख 96 हजार 350 रुपये बताया गया है।
आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 36 और 59 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है, जबकि प्रवीण बघेल को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
