घायलों की जान बचाने में बलौदाबाजार नंबर-1: 269 लोगों को मिला कैशलेस इलाज, 5 राहवीरों को 25-25 हजार का इनाम

admin  - News & Entertainment
3 Min Read

बलौदाबाजार। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की जान बचाने और उन्हें समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के मामले में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार की पीएम राहत योजना के क्रियान्वयन में जिला पूरे छत्तीसगढ़ में पहले स्थान पर पहुंच गया है। जिले में अब तक 269 सड़क दुर्घटना पीड़ितों को योजना के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा मिल चुकी है। वहीं, घायलों की मदद कर उनकी जान बचाने वाले 5 राहवीरों को भी सम्मानित किया गया है।

गोल्डन ऑवर में इलाज से बच रही जिंदगियां

सड़क दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा यानी ‘गोल्डन ऑवर’ घायल की जान बचाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसी दौरान अस्पताल पहुंचाकर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीएम राहत योजना शुरू की गई है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को घायलों को इसका अधिकतम लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने समय पर अस्पताल पहुंचाने और कैशलेस उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

डेढ़ लाख रुपये तक मिलता है कैशलेस इलाज

पीएम राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना की तारीख से अधिकतम 7 दिनों तक 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। यह सुविधा सरकारी और योजना में शामिल निजी अस्पतालों में मिलती है। खास बात यह है कि दुर्घटना में शामिल वाहन बीमित हो या नहीं, यहां तक कि हिट एंड रन के मामलों में भी घायल को उपचार की सुविधा मिल सकती है।

राहवीरों को 25 हजार रुपये का पुरस्कार

योजना के तहत दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने वाले नेक नागरिकों को ‘राहवीर’ कहा जाता है। ऐसे मददगारों को 25 हजार रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाता है। बलौदाबाजार जिले में अब तक 5 राहवीरों को यह सम्मान मिल चुका है। इसके अलावा देशभर के 10 सर्वश्रेष्ठ राहवीरों को प्रतिवर्ष एक-एक लाख रुपये का राष्ट्रीय पुरस्कार देने का प्रावधान है।

मदद करने वालों को मिलेगी कानूनी सुरक्षा

सड़क हादसों में घायल लोगों की मदद करने से कई नागरिक पुलिस पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के डर से पीछे हट जाते हैं। इसी आशंका को दूर करने के लिए मोटर वाहन अधिनियम की धारा 134A के तहत राहवीरों को कानूनी संरक्षण दिया गया है। उन्हें अनावश्यक पुलिस पूछताछ और न्यायालयीन प्रक्रिया से सुरक्षा मिलती है।

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की यह उपलब्धि बताती है कि समय पर चिकित्सा सुविधा और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से सड़क दुर्घटनाओं में कई अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।

Share this Article