कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में जंगली हाथी की मौजूदगी से व्यापारियों में दहशत फैल गई। सोनहत-रामगढ़ मार्ग स्थित तुर्रिपानी जंगल में साप्ताहिक बाजार जा रहे व्यापारियों से भरे माजदा वाहन के सामने अचानक विशालकाय हाथी आ गया। हाथी को सामने देखकर वाहन में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए कई व्यापारियों को वाहन से कूदकर भागना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। माजदा वाहन में 10 से 15 व्यापारी सवार होकर साप्ताहिक बाजार जा रहे थे। इसी दौरान तुर्रिपानी जंगल में अचानक हाथी सड़क पर आ गया। चालक ने घबराकर वाहन पीछे करने की कोशिश की, लेकिन माजदा सड़क किनारे गड्ढे में फंस गया।
वाहन छोड़कर भागे व्यापारी
हाथी को नजदीक देखकर व्यापारियों में अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग वाहन से उतरकर इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान एक व्यापारी गिरकर घायल हो गया, जिसे हल्की चोट आई है। वहीं, दो महिलाएं डर के कारण वाहन के अंदर ही छिपी रहीं। बताया जा रहा है कि हाथी कुछ देर तक वाहन के पास खड़ा रहा।
हाथी के जंगल लौटने से मिली राहत
राहत की बात यह रही कि हाथी ने किसी पर हमला नहीं किया। कुछ देर बाद वह वापस जंगल की ओर चला गया। इसके बाद व्यापारियों ने राहत की सांस ली। गौरतलब है कि घटनास्थल गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इस घटना ने एक बार फिर जंगल से गुजरने वाले मार्गों पर जंगली हाथियों की मौजूदगी और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
