ACB की दबिश देखते ही नाली में फेंके रिश्वत के डेढ़ लाख रुपये, GST सहायक आयुक्त अंचला गिरी और CA गिरफ्तार

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के मामले में स्टेट GST की सहायक आयुक्त अंचला गिरी और मध्यस्थ सीए इमरान मेमन को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अधिकारी ने ई-वे बिल मामले में रोके गए वाहन को छुड़ाने और जीएसटी प्रकरण में राहत देने के एवज में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

ACB के अनुसार, संजयनगर निवासी कबाड़ी कारोबारी शोएब रंगरेज ने इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद जगदलपुर और रायपुर की संयुक्त टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।

शनिवार 21 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे 18 सदस्यीय ACB टीम ने आदर्श नगर स्थित अंचला गिरी के निवास पर दबिश दी। बताया गया कि टीम को देखते ही सहायक आयुक्त ने रिश्वत की रकम का बंडल घर के बाहर नाली में फेंक दिया। हालांकि टीम ने नाली से डेढ़ लाख रुपये बरामद कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मामले में कथित मध्यस्थ सीए इमरान मेमन को भी हिरासत में लिया गया।

ACB के डीएसपी रमेश कुमार मरकाम के मुताबिक, अंचला गिरी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और इमरान मेमन के खिलाफ धारा 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कार्रवाई के बाद ACB ने अंचला गिरी के निवास पर तलाशी लेकर आय से अधिक संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच भी शुरू कर दी है।

Share this Article