रायपुर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर राजधानी रायपुर में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस 2026 एवं वीरांगना शौर्य उत्सव का आयोजन किया गया। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री एवं रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह और अमर शहीद गुंडाधुर जैसे महानायक युवाओं के आदर्श होने चाहिए। उनके संघर्ष, साहस और बलिदान से प्रेरणा लेकर युवा समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दें। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के इतिहास, लोककलाओं और परंपराओं को सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में पारंपरिक लोकनृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित की गई। स्कूली बच्चों की रंगोलियों ने भी आकर्षित किया। अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, विधायक पुरन्दर मिश्रा और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने भी संबोधित किया।
इस दौरान कलेक्टर ने रायपुर में सेवा पार्क बनाने की घोषणा की। यहां नागरिक पुस्तक, कपड़े, खिलौने और स्टेशनरी जैसी उपयोगी सामग्री जरूरतमंदों के लिए दान कर सकेंगे। जिला प्रशासन की यह पहल सेवा और परोपकार की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की जा रही है।
