रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को बड़ी राहत दी है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में अब किसान एक एकड़ में 21 क्विंटल से कम धान बेचते हैं, तब भी उन्हें पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। नई व्यवस्था के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये दिए जाएंगे।
सत्यापित रकबे के आधार पर मिलेगी राशि
पहले सहायता राशि की गणना बेचे गए धान की मात्रा के आधार पर होती थी, लेकिन अब एग्रीस्टैक पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे में दर्ज सत्यापित कृषि रकबे के आधार पर भुगतान किया जाएगा। दो एकड़ पर 27,678 रुपये और तीन एकड़ पर 41,517 रुपये मिलेंगे। हालांकि, ग्रीष्मकालीन धान को योजना में शामिल नहीं किया गया है।
दूसरी फसलों पर भी प्रोत्साहन
सरकार ने धान के स्थान पर अन्य स्वीकृत फसलें लेने वाले किसानों की सहायता 11 हजार से बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ कर दी है। दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास की खेती पर 10 हजार रुपये प्रति एकड़ मिलेंगे।
तीन साल में 35,904 करोड़ का भुगतान
सरकार के अनुसार, वर्ष 2023 से 2025 के बीच 25 लाख से अधिक किसानों को कृषक उन्नति योजना के तहत 35,904.90 करोड़ रुपये दिए गए हैं। खरीफ 2026-27 में 3,100 केंद्रों के माध्यम से लगभग 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। सहायता राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में DBT के जरिए भेजी जाएगी।
