रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के चार अधिकारियों को पदोन्नति दी है। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और गृह विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक को अपर मुख्य सचिव (ACS) के पद पर प्रमोट किया गया है। वहीं, 2002 बैच के IAS अधिकारी डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को सचिव से पदोन्नत कर प्रमुख सचिव बनाया गया है।
जनवरी 2027 में प्रस्तावित था प्रमोशन
जानकारी के मुताबिक, चारों अधिकारियों की पदोन्नति जनवरी 2027 में प्रस्तावित थी। हालांकि, राज्य सरकार ने निर्धारित समय से करीब डेढ़ महीने पहले ही उन्हें प्रमोशन दे दिया। इसे अधिकारियों के प्रशासनिक अनुभव और कार्यों के प्रति सरकार के भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।
सुबोध सिंह को मिला प्रशासनिक अनुभव का लाभ
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुबोध कुमार सिंह को दिल्ली से वापस बुलाकर अपना प्रमुख सचिव नियुक्त किया था। प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने और सरकारी कामकाज में सुधार की दिशा में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है। वे मेहनती और परिणाम आधारित कार्यशैली वाले अधिकारी के रूप में पहचाने जाते हैं।
चारों अधिकारियों की पदोन्नति से राज्य के प्रशासनिक ढांचे में वरिष्ठ स्तर पर उनकी जिम्मेदारियां और बढ़ेंगी।
