शहीद योगेन्द्र शर्मा स्कूल का वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, विधायक अनुज शर्मा ने मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षकों को किया सम्मानित

admin  - News & Entertainment
3 Min Read

मांढर। शहीद श्री योगेन्द्र शर्मा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, टेकारी (मांढर कॉलोनी) में वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान शाला प्रबंधन एवं शाला विकास समिति की ओर से विधायक का पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया गया।

देशभक्ति गीतों और छत्तीसगढ़ी लोकनृत्यों ने बांधा समां

वार्षिक उत्सव में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति गीतों, छत्तीसगढ़ी लोकनृत्यों और प्रेरणादायक नाटकों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रस्तुतियों में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और देशप्रेम की झलक देखने को मिली। दर्शकों ने तालियों के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित

समारोह में शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विधायक अनुज शर्मा ने पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मान मिलने से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

100 प्रतिशत रिजल्ट देने वाले शिक्षकों का भी सम्मान

शैक्षणिक सत्र 2025-26 में बोर्ड एवं कक्षा परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले शिक्षकों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। विधायक ने शिक्षकों के परिश्रम, मार्गदर्शन और शैक्षणिक नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय का शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम शिक्षकों के समर्पण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमाण है।

प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं, लगन और आत्मविश्वास जरूरी: अनुज शर्मा

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि वार्षिक उत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास और छिपी प्रतिभाओं को निखारने का मंच है। प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती, बल्कि उसे निखारने के लिए लगन और आत्मविश्वास जरूरी है।

उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि जीवन में बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करें। साथ ही अपनी संस्कृति, माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करना कभी न भूलें। उन्होंने शिक्षकों को समाज का सच्चा शिल्पी बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।

प्राचार्य ने जताया आभार, जनप्रतिनिधि और अभिभावक रहे मौजूद

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. अग्रवाल ने मुख्य अतिथि, शाला विकास समिति, अभिभावकों, विद्यार्थियों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर टेकारी सरपंच चंद्रकांत वर्मा, अमरीका वर्मा, हनुमंत आडिल, खिलेंद्र वर्मा सहित शाला समिति के सदस्य, शिक्षकगण, अभिभावक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share this Article