छठ पर सीएम साय की बड़ी सौगात, 15.50 करोड़ से संवरेगा कुनकुरी; छठ तालाब का होगा कायाकल्प

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। छठ महापर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के कुनकुरी नगरवासियों को करीब 15 करोड़ 50 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने जशपुर प्रवास के दौरान विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें छठ तालाब का कायाकल्प और मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन का निर्माण प्रमुख है।

छठ तालाब पर खर्च होंगे 12 करोड़ से अधिक

छठ तालाब के विकास और सौंदर्यीकरण पर कुल 12 करोड़ 6 लाख 63 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें 6 करोड़ 89 लाख 61 हजार रुपये से तालाब का रिज्युविनेशन और 5 करोड़ 17 लाख 2 हजार रुपये से विकास कार्य होंगे।

योजना के तहत तालाब परिसर में पाथ-वे, बच्चों के लिए खेल मैदान और योगाभ्यास स्थल विकसित किए जाएंगे। इससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही यह स्थान नगरवासियों के लिए स्वास्थ्य, मनोरंजन और पारिवारिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा।

3.65 करोड़ से बनेगा सांस्कृतिक भवन

नगर पंचायत कुनकुरी के वार्ड क्रमांक-1 में 3 करोड़ 65 लाख 3 हजार रुपये की लागत से मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन बनाया जाएगा। यहां सामाजिक समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामुदायिक आयोजन हो सकेंगे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। सरकार का उद्देश्य नगरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाना है।

भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

Share this Article