माओवादी प्रभावित और दुर्गम इलाकों में आवागमन हुआ आसान, 1.68 लाख लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंचने में मिली सुविधा
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के सुदूर गांवों की तस्वीर तेजी से बदल रही है। कभी बारिश के मौसम में नदियों के उफान के कारण मुख्यधारा से कट जाने वाले गांव अब बारहमासी सड़क संपर्क से जुड़ रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के सेतु संभाग ने पिछले तीन वर्षों में 174 करोड़ रुपये की लागत से 24 उच्चस्तरीय पुलों का निर्माण कराया है। इससे करीब 210 गांवों की 1.68 लाख आबादी को ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालय तक पहुंचने में सुविधा मिली है।
कोयलीबेड़ा-पखांजूर मार्ग पर बने बड़े पुल
कोयलीबेड़ा से पखांजूर मार्ग पर वालेर नदी पर 20 करोड़, मेढ़की नदी पर 12 करोड़ और महला नदी पर 6.50 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाए गए हैं। वहीं, भैंसगांव-आतुरबेड़ा मार्ग पर मेढ़की नदी पर 9.86 करोड़ रुपये से उच्चस्तरीय पुल तैयार हुआ है। इनसे ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं, उच्च शिक्षा और बाजार तक पहुंच आसान हुई है।
80 गांवों को भी मिली सालभर आवागमन की सुविधा
नारायणपुर के माड़ क्षेत्र सहित दूरस्थ इलाकों में पिछले कुछ महीनों के दौरान 61 करोड़ रुपये की लागत से नौ और पुलों का निर्माण पूरा किया गया है। इससे 80 गांवों की करीब 56 हजार आबादी को सालभर आवागमन की सुविधा मिली है।
महाराष्ट्र से संपर्क मजबूत करने के लिए कोटरी और मेढ़की नदियों सहित कई स्थानों पर पुल निर्माण जारी है। इनमें मरबेड़ा-सितरम मार्ग पर कोटरी नदी पर 19 करोड़ और बेचाघाट में कोटरी नदी पर 17 करोड़ रुपये की परियोजना शामिल है।
92 करोड़ से बनेंगे 10 नए पुल
जिले में 140 करोड़ रुपये की लागत से 19 उच्चस्तरीय पुलों का निर्माण जारी है। इसके अलावा 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए पुलों को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इनमें निब्रा नदी, बेलगांव नाला, पासंगी नाला, दूध नदी, खंडी नदी और चिनार नदी पर बनने वाले पुल प्रमुख हैं।
सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से कांकेर के ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि, पर्यटन, व्यापार और सरकारी योजनाओं की पहुंच को मजबूती मिलेगी।
