रायपुर: बाल दिवस के दिन राजधानी के रेलवे स्टेशन परिसर में बाल श्रम का सनसनीखेज मामला सामने आया। शराब की खाली बोतलें और शीशियां बीनते हुए 17 वर्षीय एक नाबालिग बालक मिला, जिसे रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम ने तत्काल संरक्षण में ले लिया।
पूछताछ में बालक ने बताया कि गुढ़ियारी के दही हांडी मैदान स्थित गैस गोदाम के पास रहने वाला चंदू भाई नामक व्यक्ति उससे प्रतिदिन शराब भट्टी के पास शीशी-बाटल उठाने का काम करवाता है और एवज में मात्र 200 रुपये रोजी देता है। आरोपी बालक से भिक्षावृत्ति भी करवाता था।
मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के मस्जिद मोहल्ला निवासी यह बालक लगभग एक वर्ष पूर्व काम की तलाश में घर छोड़कर रायपुर आया था। उसके पिता राशन दुकान में कार्यरत हैं और माता मजदूरी करती है। बालक ने कभी विद्यालयीन शिक्षा ग्रहण नहीं की।
बाल श्रम और बाल शोषण की श्रेणी में आने पर टीम ने बालक को बाल कल्याण समिति (प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट पीठ) रायपुर के समक्ष प्रस्तुत किया। समिति के आदेशानुसार उसे शासकीय बाल गृह (बालक), माना कैंप में अस्थायी आश्रय दिया गया है।
रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन प्रभारी विजय कुमार साहू ने बताया कि विगत एक वर्ष में स्टेशन परिसर, ट्रेनों और प्लेटफार्मों से लगभग 270 बच्चों का सुरक्षित बचाव किया गया है। अधिकांश मामले बाल तस्करी, बाल श्रम और घर से बिछड़ने से जुड़े हैं। बाल दिवस पर आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम के दौरान इस मामले का खुलासा हुआ।
