शराबी भाई के रोज के विवाद से परेशान बहन ने की हत्या, सिलबट्टे के लोढ़े से सिर पर किया वार

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

गोडपेंडरी गांव में सोते समय भाई के सिर पर किया हमला, मौके पर हुई मौत; पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी बहन को गिरफ्तार किया।

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र के ग्राम गोडपेंडरी में भाई की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी सगी बहन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शराब पीने और आए दिन घरेलू विवाद करने की वजह से परेशान होकर बहन ने सोते समय भाई के सिर पर सिलबट्टे के लोढ़े से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान धर्मेंद्र पाल (40) के रूप में हुई है। वह रोजी-मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता था। शुक्रवार को उसकी बहन ने उसे कमरे में बिस्तर पर अचेत अवस्था में देखा। उसके सिर के पास, आंख के नजदीक चोट के निशान थे और खून भी निकला हुआ था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, एसडीओपी पाटन और उतई थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि धर्मेंद्र शराब पीने का आदी था। नशे में वह अक्सर अपनी मां और बहन से विवाद करता था।

पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात भी धर्मेंद्र नशे में था। उसके सो जाने के बाद बहन ने सिलबट्टे के लोढ़े से उसके सिर पर हमला कर दिया। इस वार से उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी बहन धन्नी धनकर (43) को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी शादी हो चुकी है, लेकिन वह पिछले करीब चार साल से मायके में रह रही थी। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

Share this Article